Mahakal Mandir News

श्रावण में बदल जाएगी महाकाल मंदिर की व्यवस्था, रोज दो लाख श्रद्धालु करेंगे दर्शन


Mahakal Mandir Ujjain: श्रावण-भाद्रपद में उज्जैन का श्री महाकालेश्वर मंदिर शिवमय हो जाएगा। 30 जुलाई से 7 सितंबर तक रोजाना 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के…और पढ़ें

Publish Date: Tue, 28 Jul 2026 07:32:25 AM (IST)Updated Date: Tue, 28 Jul 2026 07:45:40 AM (IST)

श्रावण में बदल जाएगी महाकाल मंदिर की व्यवस्था, रोज दो लाख श्रद्धालु करेंगे दर्शन
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग। – फाइल फोटो

HighLights

  1. मंदिर की दर्शन व्यवस्था, समय-सारिणी और प्रवेश द्वारों में विशेष बदलाव किए गए
  2. सावन में रविवार को रात 2:30 बजे और अन्य दिन रात 3 बजे पट खुलेंगे
  3. अभिषेक, पूजन और विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती के बाद दर्शन रात 10 बजे तक चलेंगे

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। श्रावण-भाद्रपद मास शुरू होते ही उज्जैन एक बार फिर शिवमय हो जाएगा। 30 जुलाई से सात सितंबर तक विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर की दर्शन व्यवस्था, समय-सारिणी, सुरक्षा, यातायात और प्रवेश व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं।

भगवान महाकाल की दिनचर्या सामान्य दिनों की तुलना में पहले शुरू होगी। दर्शन के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है और यातायात संचालन भी विशेष प्लान के तहत होगा। सामान्य दिनों में महाकाल मंदिर के पट सुबह चार बजे खुलते हैं, लेकिन श्रावण-भाद्रपद मास में प्रत्येक रविवार को रात 2.30 बजे तथा अन्य दिनों में रात तीन बजे मंदिर के पट खुलेंगे।

इसके बाद अभिषेक, पूजन और विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती होगी। भस्म आरती में अनुमति प्राप्त लगभग 1700 श्रद्धालु नंदी, गणेश और कार्तिकेय मंडपम में बैठकर दर्शन करेंगे, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को चलायमान व्यवस्था से दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन का क्रम रात 10 बजे तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान मंदिर प्रतिदिन औसतन 19 घंटे श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा।

सामान्य दर्शनार्थियों को नंदी द्वार से मिलेगा प्रवेश

भीड़ प्रबंधन को देखते हुए मंदिर समिति ने प्रवेश व्यवस्था भी श्रेणीवार तय की है। सामान्य नि:शुल्क दर्शनार्थियों को श्री महाकाल महालोक के नंदी द्वार से प्रवेश मिलेगा। 250 रुपये के शीघ्र दर्शन के लिए हरसिद्धि चौराहा और अवंतिका द्वार निर्धारित किए गए हैं। प्रोटोकॉल के तहत आने वाले श्रद्धालु नीलकंठ द्वार से प्रवेश करेंगे। कांवड़ यात्रियों के लिए भी अलग व्यवस्था रहेगी तथा सशुल्क और सामान्य दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग बनाई जाएगी।

श्रावण-भाद्रपद के दौरान भगवान महाकाल की छह पारंपरिक सवारियां निकलेंगी। चार सवारियां श्रावण और दो भाद्रपद मास में होंगी। इस वर्ष प्रत्येक सवारी को अलग धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक थीम पर सजाया जाएगा। सभी सवारियां शाम चार बजे परंपरागत मार्ग से निकलेंगी। वहीं प्रत्येक शनिवार को श्री महाकाल महालोक स्थित त्रिवेणी कला संग्रहालय में 21वें अखिल भारतीय श्रावण महोत्सव के तहत शास्त्रीय संगीत, नृत्य और गायन की प्रस्तुतियां भी होंगी।

कब खुलेंगे मंदिर के पट

  • रविवार : रात 2:30 बजे
  • सोमवार से शनिवार : रात 3:00 बजे
  • दर्शन : भस्म आरती के बाद रात 10:00 बजे तक
  • औसतन दर्शन अवधि : 19 घंटे प्रतिदिन

किस द्वार से मिलेगा प्रवेश

  • सामान्य दर्शन : नंदी द्वार (महाकाल महालोक)
  • 250 रुपए में शीघ्र दर्शन : हरसिद्धि चौराहा एवं अवंतिका द्वार
  • प्रोटोकाल दर्शन : नीलकंठ द्वार
  • कांवड़ यात्री : हरसिद्धि चौराहा एवं अवंतिका द्वार
  • सशुल्क और सामान्य श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेडिंग

महाकाल की पांच आरती

  • भस्म आरती
  • बालभोग आरती
  • भोग आरती
  • संध्या आरती
  • शयन आरती

श्रावण-भाद्रपद की छह सवारियां

  • 3 अगस्त: वैदिक उद्बोधन
  • 10 अगस्त: लोक नृत्य
  • 17 अगस्त: पुलिस, आर्मी एवं होमगार्ड बैंड
  • 24 अगस्त: पर्यावरण संरक्षण
  • 31 अगस्त: 84 महादेव की झांकी
  • 7 सितंबर: शाही सवारी (सिंहस्थ-2028 थीम)

वाहन कहां पार्क करें

  • महाकाल अन्नक्षेत्र पार्किंग
  • मेघदूत वन पार्किंग
  • नीलकंठ पार्किंग
  • चारधाम पार्किंग
  • कर्कराज पार्किंग
  • कार्तिक मेला ग्राउंड पार्किंग

यह भी पढ़ें : महाकाल की सवारी के चलते हर सोमवार स्कूल बंद, अब रविवार को लगेंगी कक्षाएं



Source link

Exit mobile version