वेरावल एक्सप्रेस में चोरों ने दो महिलाओं के पर्स चोरी कर लिए। एक महिला के पर्स में करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवरात रखे हुए थे। जबकि दूसरी महिला के पर …और पढ़ें

HighLights
- वेरावल एक्सप्रेस में दो महिलाओं के पर्स चोरी
- एक ही तरीके से दो अलग कोच में हुई वारदात
- चलती ट्रेन से छलांग लगाकर भागा शातिर चोर
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। वेरावल एक्सप्रेस में चोरों ने दो महिलाओं के पर्स चोरी कर लिए। एक महिला के पर्स में करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवरात रखे हुए थे। जबकि दूसरी महिला के पर्स में भी मोबाइल, नकदी रखी हुई थी। दोनों के खाली पर्स कोच के बाथरूम में मिले हैं। बेरछा स्टेशन के समीप एक युवक कोच से कूदकर भाग निकला था। जीआरपी ने केस दर्ज किए हैं।
भोपाल की महिला के गहने और मोबाइल चोरी
पुलिस ने बताया कि मेघा पत्नी हिमांशु चौरसिया निवासी भोपाल ने शिकायत की है कि वह सोमवार को ट्रेन संख्या 11465 वेरावल एक्सप्रेस के कोच एच वन में अहमदाबाद से भोपाल का सफर कर रही थी, जबकि उसका पति एम वन में यात्रा कर रहा था। अहमदाबाद से ट्रेन चलने के बाद महिला अपनी बर्थ पर सो गई थी। उसके पास बैग रखा हुआ था। जिसमें दो सोने के मंगलसूत्र, एक सोने का छोटा हार, एक जोडी सोने कान की बाली, तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने का ब्रेसलेट, दो मोबाइल, चार हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
बाथरूम में मिला खाली बैग, आउटर पर कूदा संदिग्ध
बेरछा स्टेशन के समीप बच्चे के रोने के कारण महिला की नींद खुली तो उसका पर्स नदारद था। कोच अटेंडर से पूछताछ की तो उसने बताया कि रेलवे स्टेशन बेरछा आने के पहले आउटर पर एक व्यक्ति चलती ट्रेन से कूद कर भागा है। बैग कोच के बाथरूम में मिला है।
बैतूल के यात्री की पत्नी का पर्स गायब
इसी प्रकार अशोक कुमार निवासी बैतूल पत्नी मिनी सिन्हा के साथ वेरावल एक्सप्रेस में वेरावल से भोपाल की यात्रा कर रहा था। ए वन कोच में उसकी पत्नी मिनी अपना पर्स सिरहाने रखकर सो गई थी। कालापीपल स्टेशन के समीप नींद खुली तो पर्स नदारद था। पर्स में मोबाइल व दो हजार रुपये नकदी रखे हुए थे। पर्स कोच के बाथरूम में मिला था। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज किए हैं।