Railway Accident Ujjain: उज्जैन के महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। रतलाम-कोटा पैसेंजर ट्रेन के इंजन पर 25 हजार केवी का ओवरह…और पढ़ें

HighLights
- करंट फैलने के डर से कई यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी
- गनीमत रही कि ट्रेन आगे बढ़ गई और तार पीछे छूट गया
- इस वजह से इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस और अवध एक्सप्रेस लेट हो गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन जिले के महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ी अनहोनी टल गई। रतलाम से कोटा जा रही पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन पर अचानक 25 हजार केवी की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन का तार टूटकर गिर गया। हाई वोल्टेज तार गिरते ही इंजन में आग लग गई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई।
इस कारण महिदपुर रोड से गुजरने वाली दो ट्रेनों को आधा घंटा देरी से रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंजन से आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। करंट फैलने की आशंका के बीच कई यात्रियों ने घबराकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। हालांकि ट्रेन आगे बढ़ गई और टूटा हुआ ओएचई तार पीछे रह गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ने प्रभावित ट्रैक पर बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया तथा इसके बाद आग पर काबू पाया गया। कुछ समय तक रेल यातायात भी प्रभावित रहा। आगजनी के कारण इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस तथा अवध एक्सप्रेस करीब आधा घंटा देरी से रवाना की गई।
रेलवे ने शुरू की जांच
इस घटना के बाद रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर ओएचई लाइन टूटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रेन नहीं निकलती या तार किसी अन्य डिब्बे पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।