उज्जैन के चिंतामन थाना क्षेत्र के ग्राम चांदमुख में शुक्रवार शाम एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

HighLights
- पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से पानी की मोटर चालू करवाई
- कंबल, शाल और अन्य कपड़ों को पानी में भिगोकर सिलेंडर पर डाल दिया
- आग सिलेंडर के पास रखे बर्तनों के स्टैंड और लकड़ियों तक फैल चुकी थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। चिंतामन थाना क्षेत्र के ग्राम चांदमुख में शुक्रवार शाम एक मकान में एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने साहस व सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 में तैनात आरक्षक अलकेश सिंह और चालक मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि मकान के तीसरे कमरे में रखे गैस सिलेंडर में तेज लपटें उठ रही थीं। धुएं और आग के कारण कमरे में प्रवेश करना मुश्किल था। कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई थी।
तेजी से फैलने लगी थी आग
जिसके बाद थाना प्रभारी हेमराज यादव, एएसआई विक्रम वर्मा और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी की मोटर चालू करवाई। इसके बाद कंबल, शाल और अन्य मोटे कपड़ों को पानी में भिगोकर सिलेंडर पर डालकर आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार आग सिलेंडर के पास रखे बर्तनों के स्टैंड और उसके ऊपर रखी लकड़ियों तक फैल चुकी थी। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो वह पूरे मकान को अपनी चपेट में ले सकती थी। समय रहते काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।