देवास में एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा को लेकर सांसद अनिल फिरोजिया ने चिंता जताई है। सांसद फि…और पढ़ें

HighLights
- देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र महाकाल मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं
- वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है
- सांसद फिरोजिया ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने पर भी जोर दिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। देवास में एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा को लेकर सांसद अनिल फिरोजिया ने चिंता जताई है। सांसद फिरोजिया ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को पत्र लिखकर महाकाल मंदिर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तैनाती की मांग एक बार फिर उठाई है।
सांसद फिरोजिया ने पत्र में कहा है कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र महाकाल मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने पर भी जोर दिया। फिरोजिया ने बताया कि वे पूर्व में भी महाकाल मंदिर की सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष सीआरपीएफ तैनाती की मांग रख चुके हैं। देवास में संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद इस मांग की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। सांसद ने उज्जैन रेंज के आइजी राकेश गुप्ता से भी चर्चा कर महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तथा आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी जरूरी उपाय किए जाने चाहिए।
अभी ऐसी है महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था
महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मुख्य रूप से कोर कंपनी के सुरक्षा गार्डों के हाथ में है। मंदिर समिति ने तीन शिफ्टों में करीब 800 गार्ड तैनात कर रखे हैं। मंदिर के सभी प्रमुख प्रवेश व निर्गम द्वारों पर गार्ड तैनात हैं। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस, होमगार्ड व एसएएफ के जवान भी तैनात हैं। मंदिर प्रशासन ने श्री महाकाल महालोक व मंदिर परिसर में निगरानी के लिए करीब 400 से अधिक डोम व फिक्स कैमरे लगा रखे हैं। हाईटेक कंट्रोल रूम त्रिनेत्र में चौबीस घंटे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाती है। दो दिन पहले मंदिर समिति को हाईटेक सुविधा के लिए अवार्ड भी मिला है।
गैंगस्टर के पकड़े जाने के बाद भी हुआ था पत्राचार
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2020 में महाकाल मंदिर परिसर के समीप से यूपी के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के पकड़े जाने के भी महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पत्राचार हुआ था। तत्कालीन कलेक्टर और वर्तमान में संभागायुक्त आशीष सिंह ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सीआइएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) से कराने संबंधी पत्र शासन को लिखा था। हालांकि इसमें आगे कुछ ठोस नहीं हो पाया।
महाकाल में गर्भगृह प्रवेश पर नियमों पर बहस जारी, भक्तों की मांग के बीच भीड़ नियंत्रित करने की कवायद