उज्जैन की चिमनगंज पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी में बड़ी कार्रवाई की है। 1 किलो 15 ग्राम एमडी के साथ पकड़े गए आरोपियों की 16 लाख रुपये की पुरानी मर्सिडी …और पढ़ें

HighLights
- मुख्य आरोपी पंकज चरडे ने ड्रग्स की कमाई से डेढ़ महीने पहले यह कार खरीदी थी
- मंदसौर में एमडी सप्लायर को हवाला के जरिए 12 लाख रुपये पहुंचाए गए थे
- मेहसाणा से हवाला कारोबारी करण और सचिन पटेल को भी गिरफ्तार किया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। चिमनगंज पुलिस ने एक किलो एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार आरोपितों की मर्सिडीज कार जब्त की है। आरोपितों ने 16 लाख रुपये में पुरानी कार खरीदी थी। मंदसौर में जिससे एमडी ड्रग्स ली थी उसे भी हवाला के जरिए करीब 12 लाख रुपये पहुंचाए थे। पुलिस ने रुपये पहुंचाने वाले दो हवाला कारोबारियों को गुजरात के मेहसाणा से गिरफ्तार किया है।
टीआई विवेक कनोड़िया ने बताया कि 8 जून की रात को गश्त के दौरान गरोठ ब्रिज के नीचे टाइम हेडक्वार्टर के पीछे सर्विस रोड पर संदिग्ध कार क्रमांक एमएच 31 एफआर 2515 से पंकज पुत्र श्याम चरडे उम्र 34 वर्ष निवासी प्रभा सिटी पवनगांव पार्डी नागपुर महाराष्ट्र व अमित पुत्र महेंद्र तिवारी उम्र 20 वर्ष निवासी बिहार को गिरफ्तार किया था।
पुरानी मर्सिडीज जब्त की
युवकों की कार से पुलिस ने एक किलो 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की थी। पुलिस को आरोपितों से पूछताछ में पता चला था कि पंकज ने एमडी ड्रग्स की तस्करी से मिले रुपये से करीब डेढ़ माह पूर्व 16 लाख रुपये की पुरानी मर्सिडीज कार खरीदी थी। पुलिस ने नागपुर से मर्सिडीज कार क्रमांक एमएच -02 ईके 1611 को जब्त किया है।
हवाला कारोबार से जुड़े दो लोगों को पकड़ा
जांच में पता चला कि आरोपित पंकज कथित रूप से मादक पदार्थ तस्करी के साथ-साथ हवाला कारोबार में भी संलिप्त था। यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपित मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में करण व सचिन पुत्र अंबालाल पटेल उम्र 36 वर्ष निवासी कुक्कड़वाड़ा, मीरापुरा तहसील, विजापुर, जिला मेहसाणा गुजरात के साथ मिलकर कार्य करता था।