Mahakal Mandir News

उज्जैन सिंहस्थ के लिए तैयारी जारी, पंवासा में नया स्टेशन बनाकर मुख्य स्टेशन पर भीड़ को किया जाएगा कम


सिंहस्थ 2028 की तैयारी में रेलवे ने उज्जैन के मुख्य स्टेशन पर भीड़ कम करने के लिए पंवासा में नया स्टेशन बनाना शुरू कर दिया है।

Publish Date: Thu, 23 Jul 2026 10:09:15 AM (IST)Updated Date: Thu, 23 Jul 2026 10:18:35 AM (IST)

उज्जैन सिंहस्थ के लिए तैयारी जारी, पंवासा में नया स्टेशन बनाकर मुख्य स्टेशन पर भीड़ को किया जाएगा कम
पंवासा रेलवे स्टेशन जल्द बनकर होगा तैयार। एआई इमेज

HighLights

  1. 600 मीटर लंबा प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, टिकट काउंटर और बैठने की सुविधा तैयार की जा रही
  2. श्रद्धालु मक्सी रोड के रास्ते सीधे शहर में पहुंच सकेंगे, देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे
  3. रेलवे 2 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर रहा है, सिर्फ प्लेटफार्म पर ही 1 करोड़ से ज्यादा खर्च होंगे

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। सिंहस्थ 2028 में उज्जैन प्रशासन और पुलिस के साथ ही रेलवे के लिए सबसे बड़ी चुनौती भीड़ को कंट्रोल करना होगी। रेलवे ने मुख्य स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ को कम करने के लिए पंवासा में नए रेलवे स्टेशन पर काम जारी है। इसमें प्लेटफार्म निर्माण के साथ उसमें अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।

सिंहस्थ के दौरान कई ट्रेनों को यहीं रोक दिया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु मक्सी रोड से उज्जैन शहर में पहुंच सकेंगे। अनुमान है कि उज्जैन सिंहस्थ में शामिल होने देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। पंवासा स्टेशन से आगर, गरोठ, इंदौर, देवास और मक्सी रोड पर श्रद्धालुओं को कनेक्टिविटी मिलेगी।

यहां से बसों के साथ अन्य वाहनों की सुविधा भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध हो सकेगी। पंवासा का स्टेशन 600 मीटर का बनाया जा रहा है। इसके साथ ही फुट ओवर ब्रिज, यात्रियों को बैठने के लिए जगह और टिकट काउंटर भी तैयार किया जाएगा।

आस-पास के स्टेशनों में भी होगा बदलाव

पंवासा में नया स्टेशन बनाने के साथ उज्जैन के आस-पास अन्य स्टेशनों को भी अपग्रेड किया जा रहा है। इसमें चिंतामन, नईखेड़ी, मोहनपुरा, विक्रमनगर और पिंगलेश्वर स्टेशन शामिल हैं। पंवासा के साथ इन स्टेशनों पर भी ट्रेनों को रोककर यात्रियों की भीड़ को कंट्रोल किया जाएगा।

2 करोड़ रुपये से ज्यादा में हो रहा स्टेशन पर काम

पंवासा में बनाए जा रहे नए स्टेशन के लिए 2 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। जानकारी के मुताबिक सिर्फ प्लेटफार्म बनाने में ही 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्चा आएगा। इस तरह से भोपाल की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों के लिए यहां स्टापेज रहेगा।



Source link

Exit mobile version