Mahakal Mandir News

उज्जैन में दो दुकानों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा के 201 मोबाइल हुए चोरी, बिहार और पश्चिम बंगाल से मिले चोरों के सुराग


उज्जैन के फ्रीगंज क्षेत्र में दो मोबाइल दुकानों से एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 201 मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस जांच तेज कर दी गई है।

Publish Date: Tue, 14 Jul 2026 08:53:08 AM (IST)Updated Date: Tue, 14 Jul 2026 09:11:37 AM (IST)

उज्जैन में दो दुकानों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा के 201 मोबाइल हुए चोरी, बिहार और पश्चिम बंगाल से मिले चोरों के सुराग
उज्जैन में दो मोबाइल दुकानों में बड़ी चोरी की तस्वीर।

HighLights

  1. पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और टोल नाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
  2. वारदात के बाद चोरों की कार नागझिरी क्षेत्र से होते हुए गरोठ रोड की ओर गई
  3. फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। फ्रीगंज क्षेत्र की दो मोबाइल दुकानों से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 201 मोबाइल चोरी होने के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और टोल नाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद चोरों की कार नागझिरी क्षेत्र से होते हुए गरोठ रोड की ओर गई थी।

पुलिस ने संदेह के आधार पर एक कार को पकड़ लिया है और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही हैं।

जांच में बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े कुछ सुराग मिले

गौरतलब है कि चोरों ने नरेश सीतलानी निवासी महाकाल सिंधी कॉलोनी की हाई च्वाइस मोबाइल दुकान से 78 मोबाइल तथा अभिषेक दवे निवासी ऋषि नगर की क्षपणक मार्ग स्थित एसएस मोबाइल दुकान से 123 मोबाइल चोरी किए थे।

चोरी गए मोबाइलों की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस को आशंका है कि वारदात को किसी अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया है।

जांच में बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े कुछ सुराग मिलने के बाद पुलिस का ध्यान उन राज्यों की ओर भी केंद्रित है। पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न राज्यों में जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जीआरपी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर रात के समय दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए।

पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ की, लेकिन दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर पुलिस उन्हें थाने ले गई और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम सूरज पुत्र रामदयाल निवासी मक्सी रोड तथा ओमप्रकाश पुत्र रामदयाल बताए।

पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें आरोपियों ने ट्रेनों से चोरी करना कबूल किया है। जीआरपी थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की वारदातों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से और भी मामलों का पर्दाफाश हो सकता है।



Source link

Exit mobile version