Mahakal Mandir News

उज्जैन में दादी के जेवरातों से भरी पेटी ले उड़ा पोता, दोस्तों संग मिलकर रची साजिश; पूछताछ में पार्षद के घर चोरी भी कबूली


उज्जैन के पंवासा क्षेत्र में दादी के घर से जेवरातों से भरी पेटी चोरी का खुलासा हुआ तो पुलिस भी हैरान रह गई।

Publish Date: Fri, 10 Jul 2026 01:48:15 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Jul 2026 01:58:48 PM (IST)

उज्जैन में दादी के जेवरातों से भरी पेटी ले उड़ा पोता, दोस्तों संग मिलकर रची साजिश; पूछताछ में पार्षद के घर चोरी भी कबूली
आरोपितों के कब्जे से जब्त चोरी किए गए आभूषण।

HighLights

  1. चोरी का मास्टरमाइंड महिला का नाबालिग पोता निकला
  2. 28 जून को घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर हुए थे चोरी
  3. पुलिस ने दो नाबालिगों और मोनिया उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। पंवासा क्षेत्र में दादी के घर से जेवरातों से भरी पेटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में महिला का नाबालिग पोता ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने दो नाबालिगों और एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपित फरार है।

पंवासा थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून की दोपहर वह घर पर ताला लगाकर सामने रहने वाले युवक के यहां काम करने गई थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। कमरे में रखा सामान बिखरा हुआ था और आभूषणों से भरी पेटी गायब थी। पेटी में सोने का हार, टाप्स, मोतिया, नाक कांटे सहित चांदी के कमरबंद, हाथफूल, पायल, झुमके और बिछिया रखी हुई थीं।

चोरी का मास्टरमाइंड

जांच के दौरान पुलिस को महिला के नाबालिग पोते पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपने एक नाबालिग साथी, मोनिया उर्फ मोनू पुत्र सुरेश सिंह दरबार उम्र 18 वर्ष निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी तथा कार्तिक पुत्र कन्हैयालाल बैडवाल निवासी विधायक नगर पंवासा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने मोनिया और दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेषणगृह भेज दिया, जबकि मोनिया को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। फरार आरोपित कार्तिक की तलाश जारी है।

पार्षद के घर भी चोरी कबूली

पंवासा टीआई गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने एक मई को वार्ड क्रमांक 40 की भाजपा पार्षद जानीबाई राठौर के माधोपुरा स्थित मकान में हुई चोरी की वारदात भी कबूल की है। उस मामले में चोर घर का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नकद और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी किए गए अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपित चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।



Source link

Exit mobile version