सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, विधवा, कल्याणी, अविवाहिता सहित अन्य योजना के हितग्राहियों की 3 माह से अटकी पेंशन का मामला मु…और पढ़ें

HighLights
- एनआईसी पोर्टल के बजाय एसएनए स्पर्श पोर्टल लागू करने के कारण बनी स्थिति
- मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विभागीय पीएस को जल्द से जल्द पेंशन भुगतान शुरू कराने के निर्देश दिए
- केवल केंद्र के माध्यम से मिलने वाली पेंशन की तीन योजनाओं के हितग्राहियों की पेंशन रुकी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, विधवा, कल्याणी, अविवाहिता सहित अन्य योजना के हितग्राहियों की 3 माह से अटकी पेंशन का मामला मुख्यालय भोपाल में भी उठ गया। इसको लेकर गत दिनों मुख्य सचिव अनुराग जैन ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने विभागीय पीएस को जल्द से जल्द पेंशन भुगतान शुरू कराने के निर्देश भी दे दिए।
प्रमुख सचिव जैन के निर्देश के बाद विभागीय स्तर पर केंद्र सरकार की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, निःशक्त व विधवा पेंशन के हितग्राहियों का ट्रेजरी में अपडेशन कराने की स्पीड बढ़ा दी। अफसरों ने दावा किया है कि जल्द से जल्द अपडेशन हो जाएगा।
सामाजिक न्याय विभाग उज्जैन के संयुक्त संचालक सतीश सोलंकी ने बताया कि केवल केंद्र के माध्यम से मिलने वाली पेंशन की तीन योजनाओं के हितग्राहियों की पेंशन रुकी है। क्योंकि केंद्र ने भुगतान का पोर्टल बदल दिया है। नए एसएनए पोर्टल से भुगतान के लिए सभी हितग्राहियों की ट्रेजरी से मैपिंग हो रही है। यह पूरा काम मुख्यालय भोपाल स्तर से हो रहा है। सोलंकी ने बताया कि करीब 8-10 दिन में मैपिंग का काम पूरा होने की जानकारी मिली है और यह मैपिंग होते ही सभी हितग्राहियों को पेंशन का भुगतान हो जाएगा।
हर महीने जिले में 5 करोड़ 8 लाख 84 हजार से ज्यादा पेंशन भुगतान
सामाजिक न्याय विभाग की सभी योजनाओं को मिलाकर कुल 1 लाख 50 हजार 495 हितग्राहियों को 600 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती है। इसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, निःशक्त व विधवा पेंशन 3 योजनाएं ऐसी हैं, जिन्हें पेंशन की राशि केंद्र सरकार भुगतान करती है। इन योजनाओं में जिले के 84 हजार 758 हितग्राही हैं, जिन्हें प्रतिमाह 5 करोड़ 8 लाख 54 हजार 800 रुपए पेंशन भुगतान होता है। यही राशि अभी नए पोर्टल के चक्कर में पिछले 3 माह से अटकी पड़ी है।