Site icon Mahakal Mandir News

उज्जैन में खुले मंच पर भाजपा नेताओं के बीच तकरार, विधायक, महापौर और नगर अध्यक्ष के बीच बनी विवाद जैसी स्थिति


उज्जैन में भाजपा नेताओं के बीच कुछ और मुद्दों को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए। सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य कार्यों की बात भी उठी। तकरार की स्थिति बनी। इस प …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 14 Jan 2026 09:52:59 AM (IST)Updated Date: Wed, 14 Jan 2026 10:01:43 AM (IST)

विधायक अनिल जैन, महापौर मुकेश टटवाल और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल की तस्वीर।

HighLights

  1. विधायक अनिल जैन ने सिंहस्थ के लिए लाई गई लैंड पूलिंग योजना को लेकर सीएम को पत्र लिखा था
  2. इसमें उन्होंने योजना निरस्त करने की मांग की थी, जबकि शासन स्तर पर इसे लागू करने की तैयारी थी
  3. विधायक अनिल जैन के पत्र लिखने के तीन दिन बाद ही लैंड पूलिंग योजना निरस्त हो गई थी

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन शहर भाजपा में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के भीतर अलग-अलग मुद्दों के लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं। खास बात यह है कि मत भिन्नता खुले मंच पर भी दिखने लगी है। मंगलवार को होटल श्री गंगा में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष के साथ विधायक अनिल जैन व महापौर मुकेश टटवाल की जमकर तकरार हुई। विषयों पर मतभेद सामने आए। इस पर पार्टी अध्यक्ष को कहना पड़ा कि ये सब बातें सार्वजनिक मंच के स्थान पर पार्टी फोरम पर रखें।

दरअसल मंगलवार को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास का उपयोग पूरी तरह बंद करने वाले 50 से अधिक व्यापारियों का सम्मान समारोह होटल श्री गंगा में रखा गया था। इसमें राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ, उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन, महापौर मुकेश टटवाल और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान ही विधायक अनिल जैन ने महापौर द्वारा गत दिनों महाकाल मंदिर प्रबंध समिति को लिखे गए पत्र का समर्थन करते हुए कहा कि महापौर जी मैं आपके साथ हूं। आंदोलन करना होगा तो भी साथ हूं। उल्लेखनीय है कि महापौर मुकेश टटवाल ने शनिवार को महाकाल मंदिर प्रबंध समिति को एक पत्र लिखकर उज्जैन के स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था बेहतर करने की बात लिखी थी। टटवाल ने व्यवस्था न सुधरने की स्थिति में आंदोलन तक की चेतावनी दे दी थी।

मुद्दों पर भिड़े, नगर अध्यक्ष ने कहा ये मंच नहीं

कार्यक्रम में मौजूद सूत्रों ने बताया कि नेताओं के बीच कुछ और मुद्दों को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए। सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य कार्यों की बात भी उठी। तकरार की स्थिति बनी। इस पर नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि ये सब बातें सार्वजनिक मंच पर नहीं की जानी चाहिए। इसके लिए पार्टी फोरम है। और भी कई बातें हुईं। भाजपा नेताओं की इस आपसी तकरार की चर्चा शहर के सियासी गलियारों में दिन भर रही।

विधायक भी कर चुके हैं आंदोलन की बात

बता दें कि विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने सिंहस्थ के लिए लाई गई लैंड पूलिंग योजना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने योजना निरस्त करने की मांग की थी। जबकि शासन स्तर पर इस योजना को लागू करने की पूरी तैयारी हो गई थी। उनके इस पत्र से कई तरह के सियासी मायने निकाले गए थे।

खास बात यह है पत्र लिखने के तीन दिन बाद ही लैंड पूलिंग योजना निरस्त हो गई थी। इससे भी स्पष्ट हुआ था कि पार्टी नेताओं में कई मुद्दों पर मतभेद हैं। नईदुनिया ने मंगलवार को हुए घटनाक्रम को लेकर विधायक जैन से चर्चा करना चाही, मगर उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

इसके लिए पार्टी फोरम है

मैंने नेताओं से कहा कि सार्वजनिक मंच पर ये सब बातें नहीं की जानी चाहिए। इसके लिए पार्टी फोरम है। – संजय अग्रवाल, नगर अध्यक्ष

विवाद जैसा कुछ नहीं

विधायक ने मेरी बात का समर्थन किया था। इस पर आगे बात की गई। विवाद जैसा कुछ नहीं। – मुकेश टटवाल, महापौर, उज्जैन



Source link

Exit mobile version