Mahakal Mandir News

रेलवे के तत्काल टिकट की तरह हो सकेगी महाकाल मंदिर के भस्म आरती दर्शन की बुकिंग


विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन बुकिंग की पूरी व्यवस्था ऑनलाइन हो गई है। मंदिर समिति ने ऑफलाइन काउंटर से बुक होने वाली 30 …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 08:31:30 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 08:31:30 PM (IST)

रेलवे के तत्काल टिकट की तरह हो सकेगी महाकाल मंदिर के भस्म आरती दर्शन की बुकिंग

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन बुकिंग की पूरी व्यवस्था ऑनलाइन हो गई है। मंदिर समिति ने ऑफलाइन काउंटर से बुक होने वाली 300 निःशुल्क सीटों को भी ऑनलाइन कर दिया है। भक्त अब रेलवे के तत्काल टिकट की तर्ज पर एक दिन पहले तत्काल में प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क चुकाकर इन सीटों की बुकिंग करा सकते हैं।

ऑफलाइन कोटा खत्म, अब सब कुछ ऑनलाइन

महाकाल मंदिर में प्रतिदिन तड़के 4 से 6 बजे तक भगवान महाकाल की भस्म आरती होती है। मंदिर समिति प्रतिदिन 1700 श्रद्धालुओं को भस्म आरती दर्शन की अनुमति प्रदान करती है। इनमें 400 सीट ऑनलाइन, 300 सीट ऑफलाइन तथा एक हजार अनुमति प्रोटोकॉल के तहत जारी की जाती है। ऑनलाइन व प्रोटोकॉल अनुमति के लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क चुकाना होता है। जबकि श्री महाकाल महालोक के नंदी द्वार के समीप स्थित भस्म आरती काउंटर से सामान्य दर्शनार्थियों को दी जाने वाली 300 अनुमति निःशुल्क थी।

करीब एक सप्ताह पहले भस्म आरती दर्शन में बड़ा बदलाव करते हुए मंदिर समिति ने निःशुल्क दी जाने वाली ऑफलाइन दर्शन सुविधा को समाप्त कर दिया है। इन 300 सीटों की बुकिंग अब 200 रुपये शुल्क के साथ एक दिन पहले तत्काल में होगी।

प्रतिदिन सुबह 8 बजे खुलेगी बुकिंग

रेलवे टिकटों की तर्ज पर एक दिन पहले होने वाली तत्काल बुकिंग मंदिर की वेबसाइट https://www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in/ पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे खुलेगी। लिंक खुलते ही दर्शनार्थियों को बुकिंग शुरू करना है। नाम, पता, फोन नंबर के साथ मान्य फोटो पहचान पत्र अटैच करना है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑनलाइन प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क जमा करना है। इसके बाद व्यक्ति को कन्फर्म का मैसेज आएगा। तत्काल बुकिंग सिर्फ 300 सीट के लिए होगी।

एक माह पहले और आरती दर्शन की व्यवस्था

भस्म आरती की ऑनलाइन 400 सीट पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आवंटित की जा रही है। इसके लिए भी प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क पूर्व से निर्धारित है। हमेशा की तरह यह ऑनलाइन बुकिंग एक माह पहले की जा सकती है।

इसके साथ ही महाकाल मंदिर में शाम 7 बजे होने वाली संध्या तथा रात 10.30 बजे होने वाली शयन आरती दर्शन की बुकिंग भी शुरू हो गई है। कोई भी व्यक्ति प्रतिदिन दोपहर 12 बजे संध्या आरती तथा शाम को 4 बजे शयन आरती की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए प्रति व्यक्ति 250 रुपये शुल्क निर्धारित है। भस्म आरती की तरह इन दोनों आरती की बुकिंग भी भक्तों को मंदिर की वेबसाइट पर कराना है।



Source link

Exit mobile version