Site icon Mahakal Mandir News

नागदा में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर अब पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत उतरे मैदान में, कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर उठे सवाल


नईदुनिया न्यूज, नागदा जंक्शन। शहर में अशुद्ध पेयजल सप्लाय जैसे गंभीर मामले को लेकर जनप्रतिनिधि, पार्षद तो कुछ बोलने को तैयार नहीं। भाजपा के पूर्व विधायक ने अधिकारी व जवाबदारों को मामले में गंभीरता से लेते हुए शहर को शुद्ध पानी पिलाए जाने की बात कही है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मामला ठीक नहीं हुआ तो मुझे नपा के खिलाफ मैदान में उतरना पड़े तो भी उतरूंगा।

विपक्ष में बैठे कांग्रेस के पूर्व विधायक गुर्जर की अभी भी चुप्पी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। सवा दो माह से भी ज्यादा समय होने के बावजूद नपा पूरे शहर को शुद्ध पेयजल सप्लाय नहीं कर पा रही है। इतने गंभीर मामले को परिषद व नपा अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

बड़ी बात तो यह है कि जलशाखा प्रभारी हर्षित माथुर ऐसे समय छुट्टी पर जा रहे हैं। भाजपा परिषद की पूरे शहर में किरकिरी हो रही है। ऐसे में पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत का आक्रोश आखिरकार फूट ही गया। उन्होंने जवाबदार जनप्रतिनिधि व अधिकारियों को सीख देते हुए कहा कि अशुद्ध पानी सप्लाय हो रहा है, तो प्रयास कर उसे जल्द ठीक करना चाहिए।

जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करना गंभीर

शुद्ध पेयजल यदि दे रहे हैं तो तथ्यात्मक जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करना गंभीर मामला है, साथ ही चेतावनी दी कि जल्द ही शुद्ध पानी सप्लाय नहीं किया गया तो नपा के खिलाफ उन्हें भी मैदान में उतरना पड़े तो उतरेंगे। बता दें कि नपा परिषद बनाने में शेखावत का महत्वपूर्ण योगदान है।

22 में से 12 पार्षद अभी भी उन्हीं के कट्टर समर्थक हैं। उन्होंने पिछले ढाई वर्षों से नपाध्यक्ष व अधिकारियों पर भ्रष्टाचार व अनियमितताओं की शिकायतें कर नपाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। उच्च न्यायालय में भी याचिका लगा रखी है, जो विचाराधीन है। इतना सब होने के बाद भी विधायक व पार्टी के अन्य नेता भी हस्तक्षेप कर मामले को ठीक नहीं कर रहे हैं। शहर में जनता के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है।

क्षेत्र में पूरी कांग्रेस पर पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर का कब्जा है। उनके 13 समर्थक पार्षद चुनाव जीतकर आए थे। चुनाव के बाद से ही गुर्जर का भाजपा के प्रति नम्र रवैये को देखते हुए दो पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। तीसरी गौरी साहनी भी भाजपा का ही समर्थन कर रही है। अब 10 बचे हैं उन्हें भी आंदोलन नहीं करने दिया जा रहा है, जो कि शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कांग्रेस पार्षदों ने तो यह तय कर लिया कि अपने-अपने वार्ड में कैसे भी काम कराएं, ताकि दूसरी बार वार्ड में मुंह दिखाया जा सके। वार्ड क्रमांक 6 आसिफ हुसैन व रेखा राजकुमार राठौर ने पानी के मामले में आंदोलन की चेतावनी देकर लीकेज ठीक करवा लिया। कांग्रेस के अन्य वार्डों में काम नहीं हो रहा है। वह विरोध भी नहीं कर पा रहे हैं और काम भी नहीं हो रहा है। अब ऐसे में अगले चुनाव में किस मुंह से जनता के बीच जाएंगे। यह परेशानी तो भाजपा के साथ भी होगी।

नागदा का इतिहास

शहर का इतिहास रहा है कि नपा तो ठीक विधानसभा में भी भाजपा-कांग्रेेस की नाराजगी के चलते निर्दलीय को जनता ने जिताकर भेजा है। पूर्व में नपाध्यक्ष के सीधे हुए चुनाव में जनता ने निर्दलीय चुनाव लड़े बालेश्वरदयाल जायसवाल को जिताया था। दिलीपसिंह गुर्जर को कांग्रेस ने टिकट नहीं दी थी तो वह भी पार्टी से बगावत कर निर्दलीय लड़े थे, जनता ने उन्हें भी विधानसभा में भेजा था। आज वही गुर्जर इतनी बड़ी समस्या के बावजूद चुप्पी साधे बैठे हैं।

पाइपलाइन फिर हुई लीकेज

अशुद्ध पानी का मामला शहर में चल ही रहा है। नपा अमले से मामला सुधर नहीं पा रहा है। प्रतिदिन लाइन फूट रही तो कहीं लीकेज हो रही है। दो दिन पूर्व महिदपुर रोड पर फूटी पाइप लाइन को जोड़ा था। अधिकारियों की लापरवाही के चलते गुरुवार को वह फिर फूट गई, जिससे क्षेत्र में पेयजल सप्लाय नहीं हो पाई।

नपाध्यक्ष पति को बालिका ने टोका

नपा परिषद की कार्यप्रणाली किसी से छुपी हुई नहीं है। शहर में अशुद्ध पेयजल, शहर में गंदगी का साम्राज्य, खोदी हुई सड़कें जैसी मूलभूत सुविधाएं नपा नहीं दे पा रही है। गुरुवार को एक कार्यक्रम में उस समय पर सब आश्चर्यचकित रह गए, जब एक बालिका ने नपाध्यक्ष पति ओपी गेहलोत का हाथ पकड़ते हुए कहा कि अंकल हमारे घर के पास गंदगी फैली हुई है, आप ध्यान नहीं दे रहे हो, मच्छरों का प्रकोप हो रहा है, जिससे हम बीमारी के शिकार हो सकते हैं। नपाध्यक्ष पति ने इस मामले को हंसकर टाल दिया।

यह भी पढ़ें : अफसरों का दावा-‘देश में सबसे महंगा पानी पीते हैं इंदौरवासी’, चार साल में आठ हजार करोड़ खर्च, फिर भी लोगों को नहीं मिल रहा शुद्ध जल

अशुद्ध पानी एक गंभीर मामला

शहर में अशुद्ध पानी का एक गंभीर मामला है। जवाबदारों को इसे समझकर तुरंत सुधार करना चाहिए। सुधार नहीं हुआ तो मुझे भी मैदान में आना पड़े तो मैं मैदान में आऊंगा। -दिलीपसिंह शेखावत, पूर्व विधायक, भाजपा

बड़ा आंदोलन करेंगे

अशुद्ध पानी को लेकर जल्दी ही बड़ा आंदोलन करेंगे। -आसिफ हुसैन, कांग्रेस पार्षद



Source link

Exit mobile version