Mohan Yadav Son Wedding: सामूहिक विवाह सम्मेलन में रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने पुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव का विवाह खरगोन के दिनेश यादव की पुत्री डॉ. इशिता यादव से करने जा रहे हैं। इशिता मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पुत्री की ननंद हैं।
Publish Date: Sat, 29 Nov 2025 09:22:35 PM (IST)
Updated Date: Sat, 29 Nov 2025 09:22:35 PM (IST)
HighLights
- सीएम मोहन यादव के बेटे की रविवार को होगी शादी
- उज्जैन में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी होगी
- डा. इशिता ने एमबीबीएस किया है और पोस्ट ग्रेजुएशन किया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सामूहिक विवाह सम्मेलन में रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने पुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव का विवाह खरगोन के दिनेश यादव की पुत्री डॉ. इशिता यादव से करने जा रहे हैं। इशिता मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पुत्री की ननंद हैं। यानी जिस घर में मुख्यमंत्री ने अपनी बेटी दी, उसी घर की बेटी को मुख्यमंत्री अपनी बहू बना रहे हैं।
खरगोन के ग्राम सेल्दा के दिनेश यादव की पुत्री हैं इशिता
डा. इशिता यादव खरगोन के ग्राम सेल्दा के दिनेश यादव की पुत्री हैं। वे अपने इलाके में बड़े सम्मानित किसान हैं। दिनेश यादव खेतीबाड़ी के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी लगे रहते हैं। मुख्यमंत्री के समधी दिनेश प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव के मामा के बेटे यानी उनके ममेरे भाई हैं।
डॉ. इशिता ने किया है एमबीबीएस
डा. इशिता ने एमबीबीएस किया है और वर्तमान में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं, वहीं अभिमन्यु भोपाल में एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज से मास्टर्स इन सर्जरी कर रहे हैं। दोनों ही स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। अभिमन्यु और इशिता की सगाई जून-2024 में मुख्यमंत्री आवास में हुई थी।

