सीमेंट कांक्रीट वाली इस सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने से रोजाना दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

HighLights
- सबसे ज्यादा समस्या रामा तलाई से कनवास के बीच है
- पहिए फंसने से वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे
- प्रतिदिन इस मार्ग से सैकड़ों लोग अप-डाउन करते हैं
नईदुनिया न्यूज, खाचरौद। खाचरौद-रतलाम सड़क मार्ग की दूरी 28 किलोमीटर है। इस मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय होती जा रही है। यह पूरा मार्ग सीमेंट कांक्रीट से बना होने के कारण बीच में बड़ी-बड़ी दरारें पूरे मार्ग में पड़ने के कारण इस मार्ग पर आए दिन दो पहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी इस मार्ग में रामा तलाई से कनवास के मध्य हो रही है। मार्ग में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने के कारण दरारों में दो पहिया वाहनों के पहिए अंदर घुसने के कारण वाहन चालक आए दिन चोटिल हो रहे हैं।
इस मार्ग पर प्रतिदिन आवाजाही करने वाले 35 वर्षीय भरत का कहना है कि मार्ग के मध्य में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने के कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के आंखें मूंद लेने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। बता दें खाचरौद नगर के लिए रतलाम मार्ग सबसे अधिक आवाजाही वाला मार्ग है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में प्रतिदिन वाहनों की बड़ी संख्या में आवाजाही लगी रहती है।
रात के समय गाड़ी चलाना खतरनाक
सैकड़ों से अधिक नागरिक दोपहिया वाहनों से प्रतिदिन खाचरौद से रतलाम अप-डाउन करते हैं और सबसे ज्यादा परेशानी रात्रि के समय वाहन चालकों को आती है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को इस मार्ग की बिगड़ी दुर्दशा दिखाई नहीं देती है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि सहित आला अधिकारियों का भी आना-जाना लगा रहता है।