उज्जैन सहित कई जिलों में किसानों से करोड़ों की धोखाधड़ी में 7 साल से फरार प्रेमनारायण दांगी और पत्नी अंकिता को ईओडब्ल्यू ने उदयपुर से गिरफ्तार किया, म…और पढ़ें

HighLights
- कृषि दवाइयों पर आकर्षक लाभ का झांसा देकर जमा कराए थे करोड़ों रुपये
- महेश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई, उनसे करीब 2.39 करोड़ जमा कराए गए थे
- जांच में दंपति के उदयपुर में छिपे होने की जानकारी मिली, दबिश देकर पकड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी के माध्यम से किसानों को खाद, बीज और कृषि दवाइयों पर आकर्षक लाभ देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने सात साल से फरार चल रहे आरोपित और उसकी पत्नी को उदयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों को उदयपुर से उज्जैन लेकर आई। मंगलवार को न्यायालय में पेश करने पर दोनों को जेल भेज दिया गया।
ईओडब्ल्यू एसपी समर वर्मा ने बताया कि वर्ष 2019 में ग्रीन लीफ फर्टिलाइजर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संचालन उदयपुर से प्रेमनारायण दांगी, उसकी पत्नी अंकिता, ओमप्रकाश सोनी और सुधीर मिश्रा द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि कंपनी संचालकों ने उज्जैन सहित मंदसौर, नीमच, शाजापुर, रतलाम, आगर और देवास जिले के किसानों को कंपनी में निवेश करने के लिए आकर्षक योजनाओं का झांसा दिया था।
खाद-बीज के नाम पर जमा कराए करोड़ों
आरोपितों ने किसानों को खाद, बीज और कृषि दवाइयों पर आकर्षक और मुफ्त लाभ देने का लालच दिया। लुभावने ऑफर के चलते बड़ी संख्या में किसानों ने कंपनी में रकम जमा कराई। इसके बाद कंपनी का संचालन बंद कर आरोपित फरार हो गए। सांवेर निवासी महेश पटेल ने भी मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनसे खाद, बीज और कृषि दवाइयों पर आकर्षक ऑफर देने के नाम पर करीब 2.39 करोड़ रुपये जमा कराए गए थे।
उदयपुर में छिपे होने की मिली जानकारी
मामले में लंबे समय से फरार चल रहे प्रेमनारायण दांगी और उसकी पत्नी अंकिता की ईओडब्ल्यू टीम तलाश कर रही थी। जांच के दौरान दोनों के उदयपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उज्जैन लेकर आई।
एक आरोपित पहले गिरफ्तार, तीन अभी फरार
ईओडब्ल्यू के अनुसार प्रकरण में जयचंद्र झा निवासी धामनोद को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। ओमप्रकाश पुत्र शंकरलाल सोनी निवासी झालावाड़ और सुनील शेरा निवासी देवास अभी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। एसपी समर वर्मा ने कहा कि आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी करने वाले आरोपितों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले में फरार आरोपितों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ड्रायफूट के लुभावने विज्ञापन और पार्ट-टाइम जाॅब का झांसा देकर दो से साइबर ठगी