Mahakal Mandir News

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसली महिला, आरपीएफ जवानों ने बचाया


उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रविवार शाम बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान हादसा हुआ।

Publish Date: Tue, 18 Aug 2026 12:34:19 PM (IST)Updated Date: Tue, 18 Aug 2026 12:37:00 PM (IST)

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसली महिला, आरपीएफ जवानों ने बचाया
महिला को बचाते हुए आरपीएफ व जीआरपी के जवान।

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक 68 वर्षीय महिला यात्री हादसे का शिकार होते-होते बच गई। ट्रेन के रवाना होते समय महिला का पैर पायदान से फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच के गैप में गिरकर ट्रेन के साथ घिसटने लगी। महिला को देखते ही मौके पर तैनात जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने उसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

समय रहते महिला को बचा लिए जाने से उसकी जान बच गई। महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है। रविवार शाम प्लेटफार्म नंबर एक पर बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान यह घटना हुई।

आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक शिव सिंह बघेल, क्यूआरटी टीम के मोहन सैनी, शिवराम मीणा और जीआरपी के दिलीप सिंह लोधी यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात थे।

ट्रेन के साथ घिसटने लगी महिला

पुलिस के अनुसार, ट्रेन के स्टेशन से रवाना होते समय एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसका पैर पायदान से फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच गिर गई। महिला ट्रेन के साथ घिसटने लगी। यह देखते ही पुलिस जवानों ने तत्काल दौड़कर महिला को पकड़ लिया और खींचकर कोच व प्लेटफार्म के गैप से बाहर निकाला।

जवानों की तत्परता से महिला को ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया गया। महिला की पहचान कमला पत्नी लक्ष्मण सैनी उम्र 68 वर्ष, निवासी राया, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थी। स्टेशन पर परिवार से बिछड़ने के बाद उसे लगा कि उसके साथ आए लोग ट्रेन में चढ़ गए हैं।

इसी कारण उसने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया और हादसा हो गया। कुछ देर बाद महिला का पुत्र राजकुमार भी मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि वह टिकट लेने गया था। टिकट लेकर वापस आया तो उसकी मां वहां नहीं मिली। बाद में उसे जानकारी मिली कि एक महिला यात्री ट्रेन से गिर गई थी और पुलिस ने उसे बचाया है। पहचान होने के बाद पुलिस ने महिला को उसके पुत्र के सुपुर्द कर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यात्रियों से अपील

रेलवे स्टेशन पर भीड़ के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती के कारण महिला की जान बच गई। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। ट्रेन छूटने की स्थिति में अगली ट्रेन का इंतजार करना ही सुरक्षित है।

शनिवार रात को भी एक महिला का बचाया था

आरपीएफ टीआइ नरेंद्र यादव ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर उर्मिला देवी पत्नी श्रवण कुमार उम्र 35 वर्ष निवासी प्रयागराज चलती ट्रेन संख्या 04170 सूबेदारगंज स्पेशल में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर ट्रेन के साथ घिसटने लगी। महिला को खतरे में देख कांस्टेबल अरविंद कुमार ने बिना देर किए उन्हें पकड़ लिया और प्लेटफार्म की ओर खींच लिया था।

यह भी पढ़ें- उज्जैन में नागचंद्रेश्वर दर्शन के लिए लगी लाइन में मची अफरा-तफरी, 13 श्रद्धालु घायल; एक की हालत गंभीर



Source link

Exit mobile version