Site icon Mahakal Mandir News

उज्जैन में 12 फरवरी से शुरू होगा विक्रमोत्सव, 139 दिन चलेगा आयोजन; चार हजार कलाकार देंगे प्रस्तुतियां


नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उज्जैन में विक्रमोत्सव-2026 का शुभारंभ 12 फरवरी को होगा। 30 जून तक चलने वाला 139 दिवसीय यह आयोजन सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का एक अनूठा उत्सव होगा। इसके तहत एक करोड़ एक लाख रुपये की राशि का सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण भी स्थापित किया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभूति को दिया जाएगा।

महाशिवरात्रि पर सुप्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम शिवोऽहम महादेव की आराधना प्रस्तुत करेंगे। द्वितीय चरण में 19 मार्च से 30 जून तक जलगंगा संवर्धन अभियान चलेगा, जिसमें 41 से अधिक बहुआयामी गतिविधियों में चार हजार से अधिक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। यह जानकारी संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने दी।

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने कहा कि महोत्सव में देव महादेव पर्व के तहत महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के 60 से अधिक प्रमुख शिव मंदिरों में मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मंदिरों की साज सज्जा, साफ-सफाई एवं सांस्कृतिक गतिविधियां प्रमुख हैं।

अंतरराष्ट्रीय पौराणिक फिल्म महोत्सव में 25 से अधिक देश होंगे शामिल

तिवारी ने बताया कि पौराणिक फिल्मों का अंतराष्ट्रीय महोत्सव 13 से 17 मार्च तक उज्जैन में होना है, जिसमें 25 से अधिक देश शामिल हो रहे हैं। समारोह में अंग्रेजी, फ्रेंच, हिबरू, रशियन, स्पेनिश, अइसलेंदीक, इटेलियन, डच, मंगोलियन, फिजियन, इंडोनेशियन, अफ्रीकन, नाइजीरियन, सिंहली, ग्रीक, भाषाओं की 25 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन होगा। महाभारत पर केंद्रित फिल्मों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

देश का सबसे बड़ा सम्मान होगा सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण

मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग की महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ ने विक्रमादित्य की स्मृति को सुरक्षित रखने तथा उनके शौर्य, औदार्य, न्यायप्रियता तथा धर्म एवं प्रजावत्सल गुणों को समाज में पुनःस्थापित करने की दृष्टि से एक करोड़ एक लाख रुपये का अंतरराष्ट्रीय सम्मान स्थापित किया गया है।

यह देश का सबसे बड़ा सम्मान होगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। इसके अलावा सम्राट विक्रमादित्य के नाम से 21 लाख रुपये का राष्ट्रीय सम्मान व पांच-पांच लाख रुपये राशि के तीन राज्य स्तरीय सम्मान स्थापित किए हैं। पुरस्कार प्राप्त करने वालों का चयन समिति करेगी।



Source link

Exit mobile version