Mahakal Mandir News

उज्जैन में महाकाल के आंगन में पहली बार चौरासी महादेव की महिमा से रूबरू होंगे भक्त


विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 30 जुलाई से 7 सितंबर तक श्रावण-भाद्रपद मास के रूप में शिव भक्ति का उल्लास छाएगा। मंदिर समिति ने महापर्व क…और पढ़ें

Publish Date: Sun, 12 Jul 2026 08:34:19 AM (IST)Updated Date: Sun, 12 Jul 2026 08:34:19 AM (IST)

उज्जैन में महाकाल के आंगन में पहली बार चौरासी महादेव की महिमा से रूबरू होंगे भक्त
गणतंत्र दिवस समारोह में निकली झांकी में शामिल चौरासी महादेव। भगवान महाकाल। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 30 जुलाई से 7 सितंबर तक श्रावण-भाद्रपद मास के रूप में शिव भक्ति का उल्लास छाएगा
  2. इस बार महाकाल दर्शन के साथ श्रद्धालुओं को उज्जैन की प्राचीन शैव परंपरा से जोड़ने की पहल भी की जा रही है
  3. दो करोड़ से अधिक भक्तों के आने का अनुमान, गत वर्ष सवा करोड़ श्रद्धालु पहुंचे थे

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 30 जुलाई से 7 सितंबर तक श्रावण-भाद्रपद मास के रूप में शिव भक्ति का उल्लास छाएगा। मंदिर समिति ने महापर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के महाकाल दर्शन करने आने का अनुमान है।

पिछले वर्ष सावन-भादौ मास में सवा करोड़ भक्त बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस बार महाकाल दर्शन के साथ श्रद्धालुओं को उज्जैन की प्राचीन शैव परंपरा से जोड़ने की पहल भी की जा रही है। मंदिर समिति पहली बार मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर में दर्शन मार्ग पर चौरासी महादेव पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी लगाने जा रही है। इस माध्यम से श्रद्धालुओं को चौरासी महादेव के धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराया जाएगा।

उन्हें बताया जाएगा कि उज्जैन की पहचान केवल महाकाल मंदिर तक सीमित नहीं है। यहां विराजित चौरासी महादेव की परंपरा भी शैव साधना का महत्वपूर्ण आधार है। श्रावण मास में चौरासी महादेव के दर्शन का विशेष महत्व है, धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रावण मास तथा हर तीन साल में आने वाले अधिक मास में चौरासी महादेव के दर्शन करने से मनुष्य संसार के समस्त सुखों को प्राप्त करता है तथा अंत समय में चौरासी लाख योनियों के चक्र से मुक्त होकर शिव लोक को प्राप्त होता है।

गत वर्ष प्रतिदिन 3 लाख से अधिक भक्त आए

मंदिर प्रशासन के अनुसार वर्ष 2025 में 11 जुलाई से 18 अगस्त तक श्रावण-भाद्रपद मास की साक्षी रही थी। इस दौरान 39 दिन में सवा करोड़ भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए थे। प्रतिदिन औसतन 3 लाख 20 हजार 512 भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। इस बार 40 दिवसीय उत्सव में प्रतिदिन 5 लाख भक्तों के आने का अनुमान है।

50 करोड़ रुपये की आय का अनुमान

वर्ष 2025 में श्रावण-भाद्रपद मास के दौरान मंदिर समिति को 29 करोड़ 61 लाख रुपये की आय हुई थी। यह आय वर्ष 2023-24 की तुलना में 27.9 फीसद से अधिक थी। मंदिर प्रशासन के अनुसार वर्ष 2023 में 20 करोड़ 26 लाख तथा वर्ष 2024 में 23 करोड़ 16 लाख रुपये की आय हुई थी। इस बार 50 करोड़ रुपये से अधिक आय होने का अनुमान है।

अपडेट हो रहा आय का रिकॉर्ड

महाकाल मंदिर में सन 1982 में श्री महाकालेश्वर अधिनियम लागू हुआ। उसके बाद से शासन संधारित व्यवस्था के अंतर्गत मंदिर धर्म परंपरा, गतिविधि तथा दर्शन व्यवस्था का संचालन किया जाने लगा। मंदिर समिति आय-व्यय का ब्यौरा रखती है और समय-समय पर इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराती है। इन दिनों मंदिर समिति दान में प्राप्त सोने, चांदी का हिसाब किताब तैयार कर रही है। मंदिर की चल अचल संपत्ति का रिकार्ड भी अपडेट किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।

चौरासी महादेव मंदिरों विकास प्राथमिकता

महाकाल वन में विराजित पुराण प्रसिद्ध चौरासी महादेव मंदिरों का विकास मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव की प्राथमिकता सूची में शामिल है। 26 जनवरी 2026 को भोपाल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में श्रीकृष्ण पाथेय व मध्य प्रदेश के प्रमुख धर्म स्थलों के विकास पर केंद्रित झांकी में चौरासी महादेव को भी शामिल किया गया था। उज्जैन विकास प्राधिकरण ने शहर के अलग-अलग कोणों में स्थित इन मंदिरों के समग्र विकास का प्लान तैयार किया है, सिंहस्थ से पहले इनका उन्नयन होगा।

उज्जैन के कण-कण में शंकर

माना जाता है उज्जैन के कण-कण में शंकर है। ज्योतिर्लिंग महाकाल व महाकाल वन में विराजित चौरासी महादेव इसका जीवंत उदाहरण है। इस बार श्रावण मास में चौरासी महादेव की चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से भक्तों को शैव परंपरा के उसी प्राचीन महत्व से परिचित कराने की तैयारी की जा रही है। -प्रथम कौशिक, प्रशासक, महाकाल मंदिर, उज्जैन

उज्जैन में सावन-भादौ मास में होगी सिंहस्थ 2028 में की जाने वाली व्यवस्थाओं की रिहर्सल



Source link

Exit mobile version