Mahakal Mandir News

उज्जैन में पुरानी दुश्मनी दूर करने के लिए कर रहे थे पार्टी, शराब पीने के बाद फिर हुए विवाद में दो की हत्या


उज्जैन के कानीपुरा स्थित ढाबे पर एक ही संगठन के दो गुटों के बीच विवाद में दो लोगों की हत्या, एक दर्जन से अधिक लोगों ने हथियारों से हमला किया।

Publish Date: Thu, 27 Aug 2026 01:34:44 PM (IST)Updated Date: Thu, 27 Aug 2026 01:47:01 PM (IST)

उज्जैन में पुरानी दुश्मनी दूर करने के लिए कर रहे थे पार्टी, शराब पीने के बाद फिर हुए विवाद में दो की हत्या
उज्जैन में ढाबे पर दो गुटों में मारपीट में दो लोगों की मौत। – एआई इमेज

HighLights

  1. पुराने विवाद में समझौते के बाद ढाबे पर पार्टी कर रहे थे
  2. शराब-खाने के दौरान बातों में फिर विवाद हो गया
  3. राहुल की अस्पताल में मौत, जितेंद्र का शव ढाबे के पास मिला

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन के कानीपुरा स्थित एक ढाबे पर भोजन कर रहे एक ही संगठन के दो गुटों के सदस्यों के बीच आपसी विवाद में दो लोगों की हत्या हो गई। लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों ने दो लोगों पर हथियारों से हमला कर दिया। बताया जाता है कि ढाबे पर किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के चलते मारपीट के बाद हत्या हो गई।

बताया जाता है कि करणी सेना जिला उपाध्यक्ष नीमनवासा निवासी राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42) दूसरे पक्ष के शक्तिसिंह के साथ खाना खा रहे थे। इनके बीच पुराने विवाद में हुए समझौते के के कारण दोनों ने ढाबे में एक साथ पार्टी करने का निश्चय किया था। यहां दोनों शराब पी और खाना खाया। इस बीच बातों-बातों में हुए शक्ति और राहुल के बीच फिर से विवाद हो गया। विवाद में मारपीट भी हुई।

साथियों को बुलाया और हमला कर दिया

इस दौरान शक्ति ने अपने साथियों को ढाबे पर बुलाया। शक्ति का साथी सोनू बंजारा अपने एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ ढाबे पर पहुंचा और यहां राहुल पर हमला कर दिया। राहुल के साथ ही उंडासा निवासी ढाबा मालिक जितेंद्र पवार (35) पर भी हथियारबंद साथियों ने हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हुआ जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

साथ ही जितेंद्र का शव ढाबे के पास मिला। चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले में जांच कर रही है। हमले में शक्तिसिंह भी घायल हुआ, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। हमले में शामिल अर्पित, करणी सेना जिलाध्यक्ष मोहन बना और सोनू बंजारा हमले के बाद से फरार है। जितेंद्र विवाहित है व उसका एक बेटा व बेटी है। राहुल अविवाहित है।



Source link

Exit mobile version