दुर्लभ वन्यजीव की तस्करी के खिलाफ शुक्रवार को नीलगंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। …और पढ़ें

HighLights
- दोमुंहे सांप की तस्करी करते पांच आरोपित गिरफ्तार
- पुलिस ने सेंड बोआ सांप बरामद कर वन विभाग को सौंपा
- मामले में बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। दुर्लभ वन्यजीव की तस्करी के खिलाफ शुक्रवार को नीलगंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दुर्लभ प्रजाति का सेंड बोआ (इंडियन चकलोन) सांप बरामद किया है, जिसे स्थानीय लोग दोमुंहा सांप कहते हैं।
पुलिस ने सांप और आरोपितों को वन विभाग को सौंप दिया है। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए गए।
सांप को किसी को बेचने की कोशिश
नीलगंगा पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग दुर्लभ प्रजाति के दोमुंहे सांप को किसी को बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सलमान खान निवासी मिल्कीपुरा, हफीज खान निवासी आगर रोड, अजहर खान निवासी मिल्कीपुरा, गुलरेज खान निवासी निजातपुरा तथा मुकेश निवासी कोकलाखेड़ी को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग के एसडीओ विक्रम सिंह सोलंकी ने बताया कि इस मामले में आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए गए।
पूछताछ में बताया
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें सांप ग्राम कोकलाखेड़ी के एक खेत में नजर आया था। दुर्लभ प्रजाति का सांप होने की जानकारी के कारण उन्होंने उसे पकड़ लिया था और उसे बेचने की योजना बना रहे थे। मगर इससे पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। प्रारंभिक जांच में इस मामले के पीछे किसी बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका भी जताई जा रही है।