पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे एक किलो 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। कार से ड्रग्स ले जा रहे दोनों तस्करों को चिमनगंज थाना पु …और पढ़ें

HighLights
- उज्जैन में ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
- मंदसौर से लाकर नागपुर ले जा रहे थे
- गरोठ ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पकड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे एक किलो 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। कार से ड्रग्स ले जा रहे दोनों तस्करों को चिमनगंज थाना पुलिस ने गरोठ ब्रिज के नीचे घेराबंदी करके पकड़ा।
एक आरोपी नागपुर का और दूसरा बिहार का रहने वाला है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे मंदसौर से ड्रग्स लेकर कार से नागपुर जा रहे थे। पुलिस जांच में जुटी है कि आरोपी मंदसौर में किस व्यक्ति से ड्रग्स लेकर आए थे और नागपुर में किसे देने वाले थे।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पकड़े गए तस्करों में 34 वर्षीय नागपुर के प्रभा सिटी पवनगांव पार्डी निवासी पंकज चरडे और बिहार का 20 वर्षीय अमित तिवारी है। अमित कई सालों से नागपुर में रह रहा है। उनके खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पंकज चरड़े के खिलाफ नागपुर में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, जुआ व एनडीपीएस एक्ट के छह मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी अमित के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है।
इस साल अब तक 70 तस्करों को किया गिरफ्तार
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि उज्जैन में पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इस साल अब तक 70 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें पुलिस ने आठ बड़े तस्करों को जेल भेजा है। बड़े नेटवर्क का भी राजफाश किया है। दो माह पहले एक फैक्ट्री पर दबिश देकर 75 किलो ब्रोमोपाल बरामद किया। इसका उपयोग एमडी ड्रग्स बनाने में किया जाता है।