नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) रामाश्रय पांडेय बुधवार को उज्जैन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में करीब 20 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। वर्ष 2016 में 2200 ट्रेन चलाई गई थी। वर्ष 2028 में 7700 ट्रेन चलाई जाएंगी। 800 करोड़ के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन के दोनों और होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है जहां 50000 से अधिक यात्रियों को होल्ड पर रखा जाएगा। जीएम का कहना है कि रेलवे के सभी काम अक्टूबर-नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जीएम रामाश्रय पांडेय बुधवार को यहां पहुंचे और करीब 80 मिनट तक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं को देखा और यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। प्लेटफार्म नंबर 1 से 8 तक लिफ्ट, एस्केलेटर, सफाई व्यवस्था, प्रतीक्षालय, टिकट विंडो, रनिंग रूम, स्वास्थ्य केंद्र तथा पे-एंड-यूज़ शौचालयों की कार्यशीलता की समीक्षा की।
दौरे की शुरुआत मालगोदाम क्षेत्र के पास बन रहे रोप-वे से हुई। इसके बाद वे प्लेटफार्म नंबर 1 का निरीक्षण करते हुए रनिंग रूम पहुंचे, जहां उन्होंने कर्मचारियों के रहने और भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जीएम ने टिकट विंडो का निरीक्षण करते हुए लिफ्ट की कार्यप्रणाली भी जांची। इसके बाद फुट ओवरब्रिज के माध्यम से प्लेटफार्म नंबर 8 पर पहुंचे, यहां उन्हें नक्शे के माध्यम से सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की योजना से अवगत कराया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आया, जिससे जीएम संतुष्ट दिखे। दौरे के समापन के बाद वे सेल्फ प्रोपेल्ड इंस्पेक्शन कार (स्पीक) के माध्यम से पिंगलेश्वर, पंवासा, मोहनपुरा और नईखेड़ी क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने रवाना हुए।
सांसद ने की नई मेमो सेवा प्रारंभ करने की मांग
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे के साथ सांसद अनिल फिरोजिया ने भी निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया ने जनहित से जुड़ी मांगों की ओर जीएम पांडे का ध्यान आकृष्ट किया। इंदौर, फतेहाबाद, उज्जैन, देवास रूट पर मेमो ट्रेनों को नियमित करने का प्रस्ताव दिया गया, साथ ही इंदौर, फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन मार्ग पर नई मेमो सेवा प्रारंभ करने की मांग की गई। विशेष रूप से नागदा-कोटा मेमो ट्रेन को उज्जैन तक निरंतर संचालित करने की बात भी रखी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं किसानों को राहत मिलने की संभावना है। महाप्रबंधक ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वेरे मजदूर संघ ने दिया समस्याओं का ज्ञापन
जीएम रामाश्रय पांडे के उज्जैन आगमन पर वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ रतलाम मंडल के मंडल मंत्री अभिलाष नागर के नेतृत्व में स्वागत कर रेल कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कई वर्षों से लंबित विभागीय पदोन्नति परीक्षा जीडीसीई का आयोजन शीघ्र करने, रतलाम मंडल में पूर्व में अस्वीकृत किए गए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान करने, अस्थायी ट्रांसफर पर पालनपुर भेजे गए लोको पायलट एवम सहायक लोको पायलट को वापस मंडल लाने हेतु, नए रेल आवासों का निर्माण करने सहि त विभिन्न मांगें रखी गई। इस अवसर पर वेरे मजदूर संघ उज्जैन शाखा सचिव चेतन्य चौधरी, अध्यक्ष नरेन्द्र सहगल, उपाध्यक्ष अविनाश श्रीवास, सहायक सचिव जीआर जरिया उपस्थित थे।
सिंहस्थ 2028: अमृत स्नान पर उज्जैन स्टेशन पर ट्रेनों का ‘नो हॉल्ट’, फ्लैग स्टेशनों से होगा संचालन

