बड़नगर में श्री बुद्धेश्वर महादेव के शृंगार में 1, 2, 5, 10, 20, 50, 100, 200 व 500 रुपये आदि के नोटों की गड्डी का उपयोग किया जाता है। …और पढ़ें
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन, बड़नगर। बुद्धेश्वर धाम शिवरात्रि मेले में श्री बुद्धेश्वर महादेव का 1 करोड़ 31 लाख रुपये के नोटों से अद्भुत शृंगार किया गया। इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यह शृंगार 6 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। 21 लाख रुपये से शुरू हुआ शृंगार का सिलसिला करोड़ों तक पहुंच गया। इस शृंगार में 1, 2, 5, 10, 20, 50, 100, 200 व 500 रुपये आदि के नोटों की गड्डी का उपयोग किया जाता है।
शृंगार को तीन दिन तक भक्तों को दर्शन हेतु रखा जाता है। बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में 10 दिवसीय मेला आयोजित किया गया है। मेले में रंग-बिरंगे खिलौने के साथ मिठाइयां, चाट भी उपलब्ध रहती है। जानकारी कपिल वेद ने दी।
बुद्धेश्वर धाम के सदस्य कपिल वेद, अमन सोलंकी, रूपेश शर्मा, राजकुमार पड़िहार, इशू सोनगरा, राहुल बापू, कुशल गेहलोद व मेलाध्यक्ष संदीप खटोड़ आदि को शृंगार में लगने वाली 1 करोड़ 31 लाख रु. की राशि को श्रद्धालुओं ने अपने अपने पास से लाकर दी, जो कार्यक्रम के पश्चात उन्हें पुन: लौटा दी जाएगी।
महिदपुर में अखंड रामायण पाठ आयोजित
महिदपुर। प्राचीन श्री चमत्कारी बाबा बाल हनुमान मंदिर परिसर, कन्हैया सुदामा गोशाला में एक दिवसीय अखंड रामायण पाठ आयोजित किया गया। शुभारंभ पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी भरत उपाध्याय ने बताया कि नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जन उपस्थित हुए। मंगलवार को यज्ञाचार्य पंडितों द्वारा पूर्णाहुति दी गई। पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन हुआ।

