Mahakal Mandir News

उज्जैन के गयाकोठा तीर्थ में तर्पण कुंड और अधूरे पड़े काम हो सकेंगे, 6.7 करोड़ की राशि स्वीकृत


खाक चौक स्थित गयाकोठा तीर्थ के डेवलपमेंट के पेंडिंग कार्य अब तेजी से पूरे हो सकेंगे। इसके विकास कार्यों के लिए 6.7 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। बताया ज …और पढ़ें

Publish Date: Tue, 23 Jun 2026 11:00:40 AM (IST)Updated Date: Tue, 23 Jun 2026 11:00:40 AM (IST)

उज्जैन के गयाकोठा तीर्थ में तर्पण कुंड और अधूरे पड़े काम हो सकेंगे, 6.7 करोड़ की राशि स्वीकृत
गयाकोठा तीर्थ। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 26 सितंबर से श्राद्ध पक्ष शुरू, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा
  2. इन विकास कार्यों के पूरा होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी
  3. इस बार 26 सितंबर से श्राद्ध पक्ष की शुरुआत हो रही है, जो 10 अक्टूबर तक चलेगा

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। खाक चौक स्थित गयाकोठा तीर्थ के डेवलपमेंट के पेंडिंग कार्य अब तेजी से पूरे हो सकेंगे। इसके विकास कार्यों के लिए 6.7 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस राशि से यहां तर्पण कुंड, छतरी, प्रशासनिक हॉल, शिव मंदिर के जीर्णोद्धार, बाउंड्रीवॉल, फर्श व गेट आदि के रुके हुए काम पूरे किए जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और साथ ही तीर्थ स्थल का सौंदर्यीकरण भी हो जाएगा।

गयाजी के समान है धार्मिक महत्व

मंगलनाथ मार्ग पर खाक चौक चौराहा से मकोड़ियाआम नाका की तरफ जाने वाले रास्ते के बीच में गयाकोठा तीर्थ स्थित है, जिसका अपना एक विशेष पौराणिक व धार्मिक महत्व है। इसे बिहार के गयाजी के समान ही पिंडदान और तर्पण के लिए मोक्षदायी माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि यहां पूजा करने से पूर्वजों को सीधा मोक्ष प्राप्त होता है। प्रत्येक श्राद्ध पक्ष में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग तर्पण के लिए यहां आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करने के लिए कुछ वर्ष पहले शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने यहां के लिए करोड़ों रुपए स्वीकृत किए थे।

तब निर्माण एजेंसी हाउसिंग बोर्ड ने जितनी राशि शासन से पहले चरण में प्राप्त हुई थी, उतने ही काम करके छोड़ दिए थे। बाकी का काम अधूरा पड़ा था। बताया जाता है कि शासन से पेंडिंग कार्य पूरा करने के लिए अब 6.7 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के चेयरमैन ओम जैन के अनुसार, गयाकोठा तीर्थ के पेंडिंग कार्यों के लिए 6.7 करोड़ रुपए शासन से स्वीकृत हुए हैं। जल्द ही समय सीमा में सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।

फर्श पक्का बनने से कीचड़ से मिलेगी मुक्ति

श्राद्ध पक्ष में तर्पण करने आने वालों को यहाँ हमेशा कीचड़ से बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती थी। लेकिन फर्श पक्का बन जाने से अब यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। ना ही लोगों को बरसते पानी में टीन-शेड व बरसाती का सहारा लेना पड़ेगा, क्योंकि तर्पण कार्य करने के लिए लाल पत्थरों के कुछ पक्के स्थल तो बना दिए गए थे और कुछ और बनाए जाने हैं। इस बार 26 सितंबर से श्राद्ध पक्ष की शुरुआत हो रही है, जो 10 अक्टूबर तक चलेगा।



Source link

Exit mobile version