Mahakal Mandir News

उज्जैन और जावरा के बीच बनेगा 98 किमी लंबा ग्रीनफील्ड हाईवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा उज्जैन


Ujjain Jaora Greenfield Highway: उज्जैन-जावरा के बीच ग्रीनफील्ड हाईवे बनने से उज्जैन, नागदा-खाचरोद, आलोट, जावरा और घट्टिया क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहत…और पढ़ें

Publish Date: Sat, 11 Jul 2026 07:34:28 AM (IST)Updated Date: Sat, 11 Jul 2026 07:40:37 AM (IST)

उज्जैन और जावरा के बीच बनेगा 98 किमी लंबा ग्रीनफील्ड हाईवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा उज्जैन
उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड हाईवे का भूमिपूजन करते मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव व कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत। साथ हैं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ व सांसद अनिल फिरोजिया।

HighLights

  1. 5,017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हाईवे दिसंबर 2027 तक तैयार होगा
  2. इसके बनने से उज्जैन सीधे एक्सप्रेसवे और औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ जाएगा
  3. मुख्यमंत्री ने जावरा-नागदा-उन्हेल-उज्जैन मार्ग के चौड़ीकरण की भी घोषणा की

नईदुनिया प्रतिनिधि, नागदा जंक्शन/उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड हाईवे (Ujjain Jaora Greenfield Highway) का भूमिपूजन किया। लगभग 98.73 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन हाईवे के निर्माण पर 5,017 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परियोजना के दिसंबर 2027 तक पूर्ण होने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके बनने से उज्जैन, नागदा-खाचरोद, आलोट, जावरा और घट्टिया क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही उज्जैन सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) और औद्योगिक कारिडोर से जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

मुक्तेश्वर महादेव परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन-जावरा फोरलेन (Ujjain to Jaora Road) की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने मंच से वर्तमान उज्जैन-जावरा मार्ग के चौड़ीकरण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया हाईवे सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाएगा। उन्होंने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की राशि भी वितरित की।

केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ

कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गेहलोत ने केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ करते हुए बताया कि पांच वर्ष पहले विद्यालय को स्वीकृति मिल गई थी, लेकिन भूमि उपलब्ध नहीं होने से भवन नहीं बन सका। फिलहाल विद्यालय किराये के भवन में संचालित होगा, जिसका किराया ग्रासिम उद्योग सीएसआर फंड से वहन करेगा।

सांसद अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री से जावरा-नागदा-उन्हेल-उज्जैन मार्ग(Jaora-Nagda-Unhel-Ujjain Route) के चौड़ीकरण, नागदा में आईटीआई कॉलेज, खाचरोद में मटर फली मंडी के लिए भूमि तथा बटलावदी में तालाब निर्माण की मांग की। मुख्यमंत्री ने मंच से इन प्रस्तावों पर सहमति जताई।

राष्ट्रगान छूटा, परियोजना लागत भी बताई गलत

– कार्यक्रम के दौरान एक रोचक प्रसंग भी सामने आया। मंच संचालन के दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का उल्लेख नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए संचालनकर्ता को इसकी याद दिलाई।

– वहीं एक जनप्रतिनिधि द्वारा ग्रीनफील्ड परियोजना की लागत 5,017 करोड़ रुपये के स्थान पर पांच करोड़ 57 लाख रुपये बताने पर भी मुख्यमंत्री ने तत्काल सुधार कराया।

एक नजर में ग्रीनफील्ड हाईवे

  • दिसंबर 2027 तक निर्माण लक्ष्य
  • उज्जैन के मंगरोला से जावरा तक निर्माण

किन्हें मिलेगा फायदा?

  • उज्जैन दक्षिण
  • नागदा-खाचरौद
  • आलोट
  • जावरा
  • घट्टिया

सिंहस्थ-2028 की तैयारी

  • श्रद्धालुओं के आवागमन में आसानी
  • यात्रा समय में कमी
  • स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सुविधा
  • औद्योगिक, कृषि और लाजिस्टिक्स गतिविधियों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

  • मौजूदा उज्जैन-जावरा मार्ग का चौड़ीकरण
  • नागदा में आईटीआई कॉलेज
  • खाचरोद में मटर फली मंडी के लिए भूमि
  • बटलावदी में तालाब निर्माण

35 लाख आबादी को मिलेगा लाभ

  • 62 गांव होंगे प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित
  • 5 विधानसभा क्षेत्र होंगे कनेक्ट
  • 2027 दिसंबर तक निर्माण का लक्ष्य

देशभर से उज्जैन की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

  • दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम से तेज सड़क संपर्क
  • मुंबई, सूरत, वडोदरा से सुगम यात्रा
  • रतलाम, जावरा, नागदा का यात्रा समय घटेगा
  • सिंहस्थ में गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी



Source link

Exit mobile version