Site icon Mahakal Mandir News

उज्जैनः महाशिवरात्रि पर 1500 पुलिसकर्मी करेंगे महाकाल मंदिर की सुरक्षा


नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसको देखते हुए पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने में जुटी है। सोमवार को एडीजी राकेश गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली।

इस वर्ष 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। ड्रोन कैमरे से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी।

कसरत करने वाले युवाओं की भी सेवाएं ली जाएंगी

नगर व ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के अलावा जिम में कसरत करने वाले युवाओं की भी सेवाएं ली जाएंगी। प्रशासन ने 40 मिनट में श्रद्धालुओं को दर्शन करवाने का लक्ष्य रखा है। तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पर आयोजित बैठक में एडीजी राकेश गुप्ता, डीआइजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, एएसपी गुरुप्रसाद पाराशर, आलोक शर्मा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

1500 प्रधान आरक्षक व आरक्षक तैनात किए जा रहे

इस दौरान मंदिर की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था व वीवीआइपी की आवाजाही की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए 6 एएसपी, 18 डीएसपी, 38 थाना प्रभारी, 50 एसआइ, 85 एसआइ सहित 1500 प्रधान आरक्षक व आरक्षक तैनात किए जा रहे हैं।

200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे

नृसिंह घाट, लालपुल चौराहा, कर्कराज पार्किंग, भील समाज व कलोता समाज पार्किंग चारधाम मंदिर पार्किंग, गौंड बस्ती की ओर बने नए मार्ग सहित पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनका कंट्रोल रूम मंदिर परिसर में ही बनाया जाएगा, जहां से पुलिसकर्मी भीड़ पर नजर रख सकेंगे।

ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी

ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। पुलिस इस बार जिम में कसरत करने वाले और आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं तथा कालेज के छात्रों को भी वालेंटियर्स बना रही है। युवाओं को भीड़ प्रबंधन के लिए लगाया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि युवा इससे दक्ष बनेंगे। जहां भी वह नौकरी करेंगे इससे उन्हें फायदा मिलेगा। भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक मैनेजमेंट सहित अन्य चुनौतियों से निपटने की भी उन्हें जानकारी होगी। नगर तथा ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को भी लगाया जाएगा। सभी को समझाइश दी जाएगी कि वह श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करें।

300 मीटर पर रहेगी मेडिकल टीम

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर 300 मीटर पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। जगह-जगह पेयजल व्यवस्था भी रहेगी।

महाकाल मंदिर क्षेत्र रहेगा नो व्हीकल जोन महाकाल मंदिर दर्शन व्यवस्था मार्ग में सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। मंदिर क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाया जा रहा है। वाहनों की पार्किंग कर्कराज महादेव पार्किंग में रहेगी, जहां चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

यह भी पढ़ें- महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में विशेष इंतजाम, महालोक से होगा प्रवेश… जानिए पार्किंग से दर्शन तक पूरी प्लानिंग

प्रसाद काउंटर को पार्किंग स्थल के पास ही

कलोता समाज धर्मशाला परिसर में दोपहिया वाहन रखे जाएंगे। प्रसाद काउंटर को पार्किंग स्थल के पास ही बनाया जाएगा। भील समाज की धर्मशाला में जूते-चप्पल स्टैंड बनाए जाएंगे। श्रद्धालु मंदिर में किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा संदिग्ध व्यक्ति के बारे में पुलिस को सूचना दे सकते हैं।



Source link

Exit mobile version