नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में एक जेल प्रहरी प्रतिबंध के बावजूद पान मसाले के पाउच अंदर ले जाते पकड़ा गया। जांच के दौरान प्रहरी के अंडरगारमेंट में पान मसाले के पाउच मिले, जिसके बाद उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया।
सुबह जांच में खुलासा
जेल में रोजाना सुबह छह बजे ड्यूटी बदलने के दौरान प्रहरियों की जांच की जाती है। बुधवार सुबह जांच के दौरान प्रहरी नरेंद्र चौधरी के अंडरगारमेंट में पान मसाले के चार पैकेट मिले।
अधीक्षक ने किया निलंबित
जांच कर रहे अधिकारियों ने मामले की जानकारी जेल अधीक्षक मनोज साहू को दी। इसके बाद आरोपी प्रहरी को तत्काल निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई।
जेल में प्रतिबंधित सामग्री
जेल के अंदर नशा, सिगरेट, बीड़ी, पान मसाला और तंबाकू पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ प्रहरी लालच में आकर कैदियों तक यह सामग्री पहुंचाते हैं।
पहले भी सामने आ चुके मामले
पूर्व में भी जेल प्रहरियों को मादक पदार्थ और तंबाकू ले जाते हुए पकड़ा गया है। इसके अलावा कुछ लोगों ने कोल्डड्रिंक की बोतलों में शराब भरकर जेल परिसर में फेंकने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शेयर मार्केट में 70% मुनाफे का झांसा देकर प्रॉपर्टी डीलर से 18.55 लाख की ठगी, रील के विज्ञापन से बिछाया जाल

